भोपाल में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाली युवती से रेप करने वाले आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी वेदांत कुम्मारे ने युवती से पिछले साल शादी डॉट कॉम पर पहचान कर उसे शादी का झांसा दिया। इसके बाद भोपाल के बागसेवनियां क्षेत्र की होटल में बुलाकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। बागसेवनिया पुलिस के मुताबिक ई-7, अरेरा कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती बीएससी ग्रेजुएट है और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। युवती के पिता व्यापारी हैं। शादी डॉट कॉम पर हुई पहचान
युवती की शादी के लिए परिजनों ने शादी डॉट कॉम पर उसका रजिस्ट्रेशन करा रखा था। यहीं पर उसकी पहचान राजगढ़ के रहने वाले किराना कारोबारी आरोपी वेदांत कुम्मारे से हुई। दोनों के बीच पहले चैटिंग हुई, बाद में फोन पर बातचीत होने लगी। वहीं उनका दोस्ती के बाद प्रेम प्रसंग चालू हो गया। होटल बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए
आरोपी पिछले साल मई महीने में युवती से मुलाकात करने भोपाल आया। उसने बागसेवनिया क्षेत्र में होटल रूम लेकर युवती को वहां मिलने बुलाया। यहीं उसने लड़की को जल्द शादी करने का भरोसा दिलाया और उससे शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बात चलती रही। आरोपी वेदांत ने जनवरी महीने में लड़की को चरित्र पर सवाल खड़े करते हुए उससे बात बंद कर दी। उसने युवती का फोन नंबर को ब्लॉक भी कर दिया। किसी तरह से लड़की ने उससे संपर्क किया तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। तब पीड़िता ने थाने पहुंचकर युवक पर एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।