नई कलेक्टर गाइडलाइन आने में अब एक महीना बचा है। 14 मार्च को होली है, इस कारण 8 दिन होलाष्टक के दौरान कम लोग खरीदा-फरोख्त करते हैं। जमीनों के रेट बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों ने अभी से जमीनों के सौदे करना शुरू कर दिया है। अभी हर रोज 200 से ज्यादा दस्तावेज होने लगे हैं, जबकि अवकाश के दिन रविवार और शनिवार को तो इनकी संख्या 300 से ज्यादा होने लगी है। यही कारण है कि अब सर्वर स्लो चलने लगा है। पंजीयन कार्यालय होली को छोड़कर 31 मार्च तक हर रोज खुलेंगे। आईएसबीटी और परी बाजार में रजिस्ट्री कार्यालय हैं। कुल मिलाकर 10 रजिस्ट्रार हैं। सभी को 15-15 स्लॉट दिए हैं, जबकि संपदा-2 में अनलिमिटेड स्लॉट हैं। संपदा-1 में दिन भर में 100 से ज्यादा स्लॉट बुक हो रहे हैं। जबकि संपदा-2 से भी 70 के करीब रजिस्ट्री और दस्तावेज हो रहे हैं। यह सर्वर स्लो होने के कारण कम हो पा रही हैं। मंगलवार को संपदा-1 में 130 के आसपास और संपदा-2 में 70 के आसपास दस्तावेज हुए। सर्वर स्लो होने के कारण कम दस्तावेज हो पा रहे हैं। अगर सर्वर ठीक से चलता है, तो यह संख्या 400 के पार तक पहुंच जाती है। चुनाव के कारण पिछले साल कम रजिस्ट्रियां हुई थीं
मार्च में औसतन अन्य दिनों की तुलना में रजिस्ट्री की संख्या दोगुना हो जाती है। पिछले साल चुनाव के कारण मार्च में हर दिन औसतन 150 रजिस्ट्री भी नहीं हो पा रहीं थी। सामान्य दिनों में भी 200 से ज्यादा राजिस्ट्री होती हैं। पिछले वित्तीय वर्ष के मार्च में हर दिन औसतन 300 से 400 रजिस्ट्री हुई थीं, अंतिम सप्ताह में तो यह रिकॉर्ड 700 से 900 के बीच हुई थीं।