नरसिंहपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संतोष पटेल ने पार्टी को इस्तीफा सौंप दिया, जिसका कारण एक कथित वायरल कॉल रिकॉर्डिंग है। जिसमें संतोष पटेल एक महिला से अश्लील बातें करते हुए अपने पद का दबदबा दिखा रहे थे और महिला से मिलने के लिए दबाव बना रहे थे। कॉल रिकॉर्डिंग मंगलवार रात की बताई जा रही है, जो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। संतोष पटेल के दिए गए इस्तीफे में लिखा गया कि प्रदेश अध्यक्ष महोदय मैं संतोष पटेल निवासी सागौनी तेंदूखेड़ा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी जिले के उपाध्यक्ष पद पर हूं। मेरे ऊपर सोशल मीडिया पर किसी महिला से फोन पर बातचीत के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। इन झूठे आरोपों से जब तक मैं दोष मुक्त नहीं हो जाता हूं। मैं भारतीय जनता पार्टी के सभी दायित्वों से त्याग पत्र दे रहा हूं। भाजपा के जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाठक ने इस मामले में कहा कि संतोष पटेल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और अब पुलिस अपना काम कर रही है। अभी तक इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।