हमारा-दिल-आपके-पास-है-छोड़ने-वाली-थीं-ऐश्वर्या-राय:मनाने-के-लिए-घर-पहुंचे-थे-अनिल-कपूर,-फिल्म-की-25वीं-सालगिरह-पर-एक्टर-ने-सुनाया-मजेदार-किस्सा

फिल्म हमारा दिल आपके पास है की रिलीज के 25 साल साल पूरे हो चुके हैं। 25 साल पहले 25 अगस्त को ये फिल्म रिलीज हुई थी और जबरदस्त हिट रही थी। फिल्म की सालगिरह के खास मौके पर अनिल कपूर ने इससे जुड़ा मजेदार किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया है कि ऐश्वर्या राय इस फिल्म को छोड़ना चाहती थीं, लेकिन अनिल उन्हें मनाने घर पहुंच गए थे। अनिल कपूर ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से फिल्म के सेट और पोस्टर्स का एक कोलाज शेयर किया है। इसके साथ एक्टर ने लिखा है, ‘जब ‘हमारा दिल आपके पास है’ के 25 साल पूरे हो रहे हैं, मेरा दिल मेरे प्यारे दोस्त सतीश कौशिक की यादों से भर जाता है। मुझे अब भी याद है कि ऐश्वर्या इस खास सफर का हिस्सा कैसे बनीं। जब हम ‘ताल’ की शूटिंग कर रहे थे, मैं उनके इनक्रेडिबल टैलेंट से प्रभावित हुआ और उनका नाम नायडू साब और सतीश जी को सुझाया। शुरू में कुछ संकोच थे, लेकिन जब सतीश जी ने उन्हें सेट पर देखा, तो वे आश्वस्त हो गए। और जैसा कहते हैं, बाकी इतिहास है।’ आगे अनिल कपूर ने लिखा है, ‘विडंबना यह थी कि शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले, ऐश्वर्या को कुछ चिंताएं थीं और उन्होंने लगभग फिल्म छोड़ ही दी थी। सतीश और मैं उनके घर गए, दिल से बातचीत की, और शुक्र है कि उन्होंने फिल्म में बने रहने का फैसला किया। और मुझे बहुत खुशी है कि उन्होंने ऐसा किया, क्योंकि उनकी परफॉर्मेंस शानदार थी और फिल्म सुपरहिट बनी, जिसे ट्रेड और दर्शकों दोनों ने खूब सराहा। उन यादों और उस जादू के लिए आभारी हूं, जो हमने बनाया और अपने दोस्त सतीश के लिए, जिन्हें मैं हर दिन बहुत याद करता हूं।’ बताते चलें कि फिल्म को सतीश कौशिक ने ही डायरेक्ट किया था, इसके अलावा उन्होंने फिल्म में एक छोटी सी भूमिका भी निभाई थी। बताते चलें कि हमारा दिल आपके पास है के अलावा अनिल कपूर सतीश कौशिक के निर्देशन में बनीं फिल्मों रूप की रानी चोरों का राजा, हम आपके दिल में रहते हैं और बधाई हो बधाई में भी काम कर चुके हैं।