भिंड के पावई थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रन पुरा गांव में एक किराना व्यापारी ने घर के अंदर लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में थे। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पावई थाना प्रभारी नरेश निरंजन के मुताबिक, मिश्रन पुरा गांव में रहने वाले 40 वर्षीय रविंद्र शर्मा पेशे से किराना व्यापारी थे। उनकी दुकान पिथनपुरा चौराहे पर थी। दोपहर के समय वह दुकान पर अपने छोटे भाई नरेंद्र को बैठाकर घर खाना खाने के लिए गए थे। घर पहुंचकर उन्होंने कमरे में रखी बंदूक से खुद को गले के पास चेहरे से सटाकर गोली मार ली। गोली उनके चेहरे को चीरते हुए ऊपर से निकल गई। गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद उनकी मां, पत्नी समेत अन्य परिजन कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने रविंद्र का शव देखा। इसके बाद परिवारजनों का बुरा हाल हो गया। घटना के समय रविंद्र के पिता रमेश खेतों पर मौजूद थे। उन्हें और छोटे भाई को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि रविंद्र ने आत्महत्या क्यों की। पारिवारिक सूत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। Post navigation शहडोल में शादी में नहीं बुलाया तो बारात रोकी:पड़ोसी ने पुलिस से की मारपीट; आरोपी की पत्नी-बेटी गिरफ्तार 4 kitchen ingredients to mix with black coffee for quick weight loss