मार्च में पहली बार दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और टर्फ की वजह से सोमवार से ऐसा मौसम रह सकता है। भोपाल में बादल छाए रहेंगे, जबकि ग्वालियर-चंबल में तेज धूप खिली रहेगी। बता दें कि मध्यप्रदेश में मार्च महीने में तेज गर्मी, लू, बादल और हल्की बारिश वाला मौसम रहता है। अबकी बार भी ऐसा ही मौसम है। मार्च के पहले ही दिन मुरैना में ओले गिरे थे। वहीं, दूसरे दिन, रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पहले सप्ताह में बादल और बूंदाबांदी वाला मौसम रहेगा, लेकिन चौथे सप्ताह से हीट वेव, यानी लू चलेगी। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में 3 से 4 दिन लू चल सकती है। 20 मार्च के बाद कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के आसार भी हैं। दिन का पारा 35 तो रात में 20 डिग्री के पार
मार्च के शुरुआती 2 दिन में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। दिन का पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया है, जबकि रात में 20 डिग्री से अधिक है। हालांकि, शनिवार-रविवार की रात में पारे में गिरावट देखने को मिली है। सोमवार से फिर पारा लुढ़कने लगेगा। मार्च में ऐसा रहेगा मौसम अप्रैल-मई सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे
मौसम विभाग ने अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। इन दो महीने के अंदर ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी गर्म रहेंगे। अगले 2 दिन ऐसा मौसम
3 मार्च: भोपाल में बादल छाए रह सकते हैं। अन्य शहरों में पारे में गिरावट हो सकती है।
4 मार्च: इस दिन गर्मी का असर कम होगा। मार्च में 10 साल का ट्रेंड… तीनों मौसम का असर
प्रदेश में पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो मार्च महीने में रातें ठंडी और दिन गर्म रहते हैं। बारिश का ट्रेंड भी है। इस बार भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है, जबकि रात में 10 से 17 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में ग्वालियर में मौसम सबसे ज्यादा बदला हुआ रहता है। रात में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। जबलपुर में दिन में गर्मी और रात में ठंड रहती है। MP के 5 बड़े शहरों में मार्च में ऐसा रहा है मौसम का ट्रेंड.. भोपाल में दिन में तेज गर्मी पड़ने का ट्रेंड
राजधानी भोपाल में मार्च महीने में दिन में तेज गर्मी पड़ने के साथ बारिश का ट्रेंड भी है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च महीने में गर्मी के सीजन की शुरुआत हो जाती है। इसके चलते दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है। आंकड़ों पर नजर डाले तो 30 मार्च 2021 को अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 41 डिग्री पहुंच चुका है। वहीं, 45 साल पहले 9 मार्च 1979 की रात में पारा 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। वर्ष 2014 से 2023 के बीच दो बार ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहा। बाकी सालों में पारा 38 से 41 डिग्री के बीच रहा है। इंदौर में 41.1 डिग्री तक पहुंच चुका पारा
इंदौर में मार्च से गर्मी का असर तेज होने लगता है। यहां दिन का पारा 41.1 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो 28 मार्च 1892 को दर्ज किया गया था। 4 मार्च 1898 को रात में पारा 5 डिग्री तक रहा था। 24 घंटे में करीब एक इंच बारिश होने का रिकॉर्ड है, जबकि पूरे महीने में दो इंच पानी गिर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में 2 से 3 दिन बारिश होती है। कभी-कभी धूल भरी हवा की रफ्तार भी तेज होती है। ग्वालियर में गर्मी, ठंड-बारिश का ट्रेंड
मार्च महीने में ग्वालियर में गर्मी, ठंड और बारिश तीनों का ही ट्रेंड है। 31 मार्च 2022 को दिन का पारा रिकॉर्ड 41.8 डिग्री पहुंच गया, जबकि 1 मार्च 1972 की रात में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड हो चुका है। साल 2015 में पूरे महीने 5 इंच से ज्यादा पानी गिरा। वहीं, वर्ष 12 मार्च 1915 को 24 घंटे में करीब 2 इंच बारिश हुई थी। जबलपुर में रातें रहती हैं ठंडी
जबलपुर में मार्च में भी रातें ठंडी रहती है। पारा औसत 15 डिग्री के आसपास ही रहता है। वहीं, दिन में 36 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया जाता है। 31 मार्च 2017 में दिन का पारा 41.2 डिग्री पहुंच चुका है, जबकि 4 मार्च 1898 में रात का तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया था। मार्च में मावठा भी गिरता है। पिछले 10 में से 9 साल बारिश हो चुकी है। उज्जैन में दिन रहते हैं गर्म, 6 दिन बारिश का ट्रेंड भी
उज्जैन में दिन गर्म रहते हैं। 22 मार्च 2010 में पारा रिकॉर्ड 42.5 डिग्री पहुंच चुका है। वहीं, 1 मार्च 1971 की रात में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रहा था। पिछले साल में दिन में तापमान 36 से 42 डिग्री के बीच रहा है। 2017 सबसे गर्म रहा था। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने बारिश भी होती है। एक दिन में पौने 2 इंच बारिश का रिकॉर्ड 17 मार्च 2013 का है।