विदिशा के सलैया गांव में एक 21 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के मुताबिक, 1 फरवरी को गांव के तीन युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। जब उसके पिता ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचा पाई। शिकायत के 28 दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़िता ने करारिया थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन 28 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और अब वे पीड़िता पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। युवती ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच करा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।