शहडोल जिले में शुक्रवार दोपहर जैतपुर थाना क्षेत्र के चकौड़िया गांव के पास सीमेंट से भरा एक पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गोदाम से खामीडोल जा रहा था पिकअप पुलिस के अनुसार, मेटाडोर में जैतपुर के एक गोदाम से सीमेंट लोड किया गया था। इसे खामीडोल की एक दुकान में पहुंचाना था। वाहन में चालक समेत कुल 5 लोग सवार थे। चकौड़िया गांव के पास वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। दो मजदूर वाहन के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में थी कुल 50 बोरियां जानकारी में सामने आया है कि पिकअप वाहन में कुल 50 बोरी सीमेंट की भरी हुईं थी। पलटी के दौरान पिकअप पिलर नंबर 26 से टकराया जिससे पिलर भी टूट गया। वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना जैतपुर पुलिस को दी। पुलिस कर रही शवों को निकालने की कोशिश थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। पुलिस वाहन के नीचे दबे दोनों शवों को निकालने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शवों को निकालने के बाद पहचान की जाएगी। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।