नरसिंहपुर जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत के साथ कांग्रेसियों ने गुरुवार को राज्यपाल के नाम एएसपी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने ज्ञापन में जिले में अपराधों की बढ़ती घटनाओं, अवैध कारोबार और महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों पर कड़ी आपत्ति जताई है। ज्ञापन में कहा गया है कि जुआ-सट्टा, अवैध शराब और रेत का व्यापार कुछ नेताओं और अधिकारियों के संरक्षण में फल-फूल रहा है, जिससे युवा नशे के आदी हो रहे हैं और कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। कांग्रेस ने हाल ही में तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के एक पार्षद की ओर से एक महिला पर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला उठाया, जिसका ऑडियो वायरल होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से सख्त कानून व्यवस्था लागू करने की मांग की है। साथ ही अवैध गतिविधियों में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर इन मुद्दों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।