इंदौर में महाशिवरात्रि का पर्व भक्तिमय माहौल में मनाया गया। निपानिया क्षेत्र, तुलसी नगर, महालक्ष्मी नगर, साई कृपा, पावन धाम, अमृत पैलेस और समर पार्क की कॉलोनियों में उत्सव का विशेष आयोजन हुआ। भोर से ही तुलसी नगर स्थित चंद्रमोलेश्वर महादेव, अनंतेश्वर महादेव और सोमेश्वर महादेव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने जल, दूध, पुष्प और बेलपत्र से भगवान शिव का अभिषेक किया। सरस्वती धाम स्थित चंद्रमौलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 4 से 6 बजे तक महाभिषेक हुआ। शाम 4 बजे शिव बरात निकाली गई। बरात विभिन्न सेक्टर्स से होते हुए अनंतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। रात 8 बजे विशेष श्रृंगार के बाद महाआरती का आयोजन किया गया। तुलसी नगर के सरस्वती धाम में पंडित प्रेम नारायण पंचोली के नेतृत्व में पांच दिवसीय रुद्राभिषेक अनुष्ठान हुआ। इसमें कई श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए। भजन-कीर्तन प्रतियोगिता में कॉलोनी के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रसिद्ध गायकों ने शिव भजनों की प्रस्तुति दी। अनंतेश्वर महादेव और सोमेश्वर महादेव मंदिरों में भी विशेष पूजन, श्रृंगार और भजन संध्या का आयोजन हुआ।