अशोका गार्डन भोपाल के मां दुर्गाधाम शक्तिपीठ में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक से हुई। दोपहर 1 बजे भगवान का अलौकिक श्रृंगार किया गया। शाम 5 बजे से शिव बारात का मुख्य आयोजन शुरू हुआ। बारात में खेल मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में भक्तों ने बारात में हिस्सा लिया। मंदिर के प्रचार सचिव अनिल ठाकुर ने बताया कि बारात में भगवान शिव की लीलाओं को दर्शाती विद्युत चलित झांकियां निकाली गईं। भूत-प्रेतों का स्वांग रचाकर शिव बाराती टोली ने नृत्य किया। अशोका गार्डन क्षेत्र के व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने बारात का स्वागत किया। कार्यक्रम में वीरेंद्र पप्पू राय, सूर्यकांत गुप्त, फूलचंद गुप्ता, राघव गुप्ता, लोकेंद्र डोडिया, सुंदरलाल पटेल, अवधेश पांडे, सत्यनारायण गुप्ता, वेदांत तिवारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।