शाहरुख-खान-को-बांद्रा-में-मिलेगा-आलीशान-घर:समंदर-के-किनारे-होगा-2,800-वर्ग-फुट-एरिया-का-4-बीएचके-अपार्टमेंट

बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान को मुंबई के बांद्रा कार्टर रोड पर एक नया 4 बीएचके सी-फेसिंग अपार्टमेंट मिलने वाला है। यह अपार्टमेंट लगभग 2,800 वर्ग फुट का होगा। यह घर श्री अमृत सोसाइटी के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का हिस्सा है। यहां शाहरुख का एक अपार्टमेंट है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह प्रोजेक्ट श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड कर रहा है। इसे वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। कंपनी को इस प्रोजेक्ट से करीब 1,500 से 2,000 करोड़ रुपए की कमाई हो सकती है। बता दें कि शाहरुख ने शादी के बाद श्री अमृत सोसाइटी में अपना फ्लैट खरीदा था। यह उनकी मुंबई में पहली प्रॉपर्टी थी। कंपनी को जून 2025 में सोसाइटी का री-डेवलपमेंट करने के लिए चुना गया था, और हर फ्लैट मालिक को इसके बाद 155% ज्यादा जगह मिलेगी। अब शाहरुख को भी नया अपार्टमेंट मिलेगा। डेवलपर कीमत 1.5 लाख रुपए प्रति वर्ग फुट रख सकता है कंपनी के सीएमडी आनंद पंडित ने कहा, “बिक्री के लिए फ्लैट 4 और 5 बीएचके के होंगे। यह फाइनल प्लान पर निर्भर करेगा। प्रोजेक्ट का कुल बिक्री क्षेत्र 1.35 लाख वर्ग फुट होगा।” कार्टर रोड पर बने इस सोसाइटी प्रोजेक्ट की शुरुआत 1980 के दशक में हुई थी। यह एक एकड़ सी-फेसिंग जमीन पर बना है। जुलाई 2024 में सोसाइटी द्वारा जारी टेंडर के अनुसार, 4,000 वर्ग मीटर के प्लॉट में तीन विंग शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, पूरे प्रोजेक्ट के बनाए जाने वाले इलाके में पुराने सदस्य लगभग 45% हिस्सा अपने फ्लैट के लिए पाएंगे और बाकी 55% हिस्सा लोटस डेवलपर्स बिक्री के लिए रखेंगे। सूत्रों के अनुसार, डेवलपर नए फ्लैट्स की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपए प्रति वर्ग फुट रख सकता है। श्री अमृत सोसाइटी, सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट से करीब 2 किलोमीटर और शाहरुख के बंगले मन्नत से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर है। बता दें कि इस समय शाहरुख और उनका परिवार बांद्रा के पाली हिल स्थित पूजा कासा में 10,500 वर्ग फुट के दो डुप्लेक्स में रह रहा है। वहीं, उनकी पत्नी गौरी खान ने हाल ही में खार वेस्ट में स्टाफ के लिए एक 2 बीएचके फ्लैट 1.35 लाख रुपए महीने किराये पर लिया है।