फेक-समझकर-ब्लॉक-किया-गया-श्रद्धा-कपूर-का-असल-अकाउंट:कहा-अपना-ही-अकाउंट-यूज-नहीं-कर-पा-रही,-लिंक्डइन-को-लगता-है-ये-फेक-है

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने हाल ही में लिंक्डइन में अपना अकाउंट बनाया था, लेकिन इसे फेक समझकर ब्लॉक कर दिया गया है। अब एक्ट्रेस ने साफ किया है कि वो अकाउंट उनका था, लेकिन फेक घोषित किए जाने के बाद लोगों को उनकी प्रोफाइल नहीं दिख रही है। श्रद्धा कपूर ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से स्टोरी पोस्ट कर लिखा है, “डियर लिंक्डइन, मैं अपना ही अकाउंट इस्तेमाल नहीं कर पा रही हूं क्योंकि लिंक्डइन को लगता है कि यह फेक है। क्या कोई मेरी मदद कर सकता है। अकाउंट बना हुआ है, प्रीमियम और वेरिफाइड भी है लेकिन कोई उसे देख नहीं पा रहा। मैं अपनी उद्यमशीलता की जर्नी शेयर करना चाहती हूं, पर अकाउंट शुरू करना ही अपने आप में एक जर्नी बन गया है।” बताते चलें कि श्रद्धा कपूर एक कामयाब एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक आंत्रप्रन्योर भी हैं। वो जूलरी ब्रांड पल्मोनास की को-फाउंडर हैं। वो अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी ब्रांड प्रमोट करती नजर आती हैं। एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्होंने पल्मोनास ब्रांड से इतनी ज्यादा शॉपिंग की कि उन्हें इसी ब्रांड का को-फाउंडर बना लिया गया था। ये ब्रांड 2022 में पल्लवी मोहादिकर ने शुरू की थी। फिल्मी करियर की बात करें तो श्रद्धा कपूर आखिरी बार साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म स्त्री 2 में नजर आई हैं। इस फिल्म में उनके साथ राजकुमार राव लीड रोल में थे। फिल्म ने 800 करोड़ से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था और जबरदस्त हिट रही थी। आने वाले दिनों में एक्ट्रेस स्त्री 3 में नजर आएंगी, जो 2027 तक रिलीज हो सकती है। इसमें उनके साथ अक्षय कुमार भी नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वो भेड़िया 2 और मेडॉक फिल्म्स की अपकमिंग हॉरर कॉमेडी फिल्म का भी हिस्सा हैं।