छतरपुर में बुधवार रात डढारी तिराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसका पति घायल हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, गनपत यादव (50) और उनकी पत्नी रामकली यादव (47) बुधवार को ग्राम थारा में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दौरान ढडारी चौराहे पर रात करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक (CG04HT9255) ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रामकली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गनपत को मामूली चोटें आईं। घायल गनपत ने बताया कि ट्रक ने गलत साइड से ओवरटेक करने की कोशिश की और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक का पहिया रामकली के ऊपर से गुजर गया। । टक्कर के बाद ट्रक आगे जाकर एक अन्य ट्रक से टकराया और सड़क किनारे की एक दुकान में जा घुसा। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सिविल लाइन TI वाल्मीक चौबे ने बताया- मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है।