बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने अपनी नई फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग लद्दाख में शुरू कर दी है। फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर शूटिंग की तस्वीर और वीडियो शेयर किए। वीडियो में देखा जा सकता है कि फिल्म की शूटिंग की शुरुआत पूजा से हुई। लाखिया ने एक आईडी कार्ड की तस्वीर भी पोस्ट किया जिस पर ‘बैटल ऑफ गलवान’ का पोस्टर नजर आया। वहीं, ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने एक दिन पहले सलमान की सेट से फोटो शेयर की। उस तस्वीर में सलमान पहाड़ों के बीच खड़े थे और सीन की तैयारी कर रहे थे। बता दें कि यह फिल्म भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई भिड़ंत पर आधारित है। फिल्म में सलमान कर्नल बी संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं। जुलाई के महीने में फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का मोशन पोस्टर रिलीज हुआ था। सलमान ने अपने इंस्टाग्राम पर मोशन पोस्टर को शेयर करते हुए, कैप्शन में गलवान वैली लिखा था। पोस्टर में सलमान का चेहरा खून में लथपथ था। वो बड़ी मूंछें के साथ दिखे थे। बैकग्राउंड में बर्फ से ढके पहाड़ नजर आए। वहीं, जुलाई के महीने में पीटीआई से बातचीत के दौरान सलमान खान ने अपने रोल को लेकर कहा था कि फिल्म में मेरा किरदार फिजिकली काफी चैलेंजिंग है। हर साल, हर महीने, हर दिन यह और भी ज्यादा मुश्किल होता जा रहा है। अब मुझे ज्यादा समय देना पड़ता है। पहले मैं यह एक या दो हफ्तों में कर लेता था, लेकिन अब मुझे दौड़ना, किक मारना, पंच करना और इस तरह की चीजें करनी पड़ती हैं। इस फिल्म की मांग ही ऐसी है। सलमान ने यह भी कहा था कि जब मैं फिल्म ‘सिकंदर’ कर रहा था तो उसका एक्शन अलग था। वह किरदार अलग था, लेकिन ‘बैटल ऑफ गलवान’ का रोल फिजिकली अलग और मुश्किल है। इसके लिए मुझे लद्दाख के ऊंचे पहाड़ों पर और ठंडे पानी में शूटिंग भी करनी है, जो एक बड़ी चुनौती है। सलमान ने आगे कहा था कि जब मैंने इस फिल्म को साइन किया, तब मुझे लगा कि यह एक शानदार फिल्म है, लेकिन फिल्म में रोल करना कठिन है। लद्दाख में मुझे 20 दिन काम करना है और फिर सात से आठ दिन ठंडे पानी में शूटिंग करनी है। हम इसी महीने इसकी शूटिंग करने जा रहे हैं। Post navigation पंजाबी कॉमेडियन जसविंदर भल्ला के टॉप 10 वीडियोज:कॉमिक टाइमिंग, फिल्मी सफर की झलकियां और चुटकुले डायलॉग्स के लिए रहेंगे याद पंजाबी कॉमेडी किंग भल्ला की मौत से PAU में शोक:स्टूडेंट बोले-वह समय के पाबंद रहे, VC ने कहा-बच्चे उनकी क्लास नहीं छोड़ते थे