सलमान-की-लेटलतीफी-से-सिकंदर-की-शूटिंग-में-हुई-दिक्कत:डायरेक्टर-मुरुगदास-बोले-दिन-की-बजाय-रात-8-बजे-सेट-पर-आते-थे,-स्टार्स-के-साथ-काम-करना-मुश्किल

सलमान खान की फिल्म सिकंदर के डायरेक्टर एआर मुरुगदास ने हाल ही में एक इंटरव्यू में स्टार्स के साथ काम करने पर होने वाली दिक्कतों पर बात की है। उन्होंने कहा है कि सलमान खान दिन के कॉल टाइम में भी रात को सेट पर आते थे, जिससे पूरी यूनिट और चाइल्ड आर्टिस्ट को उनका इंतजार करना पड़ता था और आधी रात तक शूट करना पड़ता था। हाल ही में वलाइपेचु वॉइस को दिए इंटरव्यू में डायरेक्टर मुरुगदास ने कहा, स्टार्स के साथ काम करना आसान नहीं होता। दिन के सीन के लिए भी हमें रात को शूट करना पड़ता था, क्योंकि वो रात 8 बजे सेट पर आते थे। हम वो लोग हैं। हम लोग सुबह से शूट करने के आदी हैं, लेकिन वहां ऐसा नहीं होता था। आगे उन्होंने कहा, अगर किसी सीन में 4 बच्चे हैं, तो हमें उनके साथ रात के 3 बजे शूटिंग करनी पड़ती थी, चाहे वो स्कूल से लौटने का सीन ही क्यों न हो। उस समय तक वो थक जाते थे और सो जाया करते थे। लेटलतीफी के आरोपों पर सलमान ने दी थी सफाई बताते चलें कि फिल्म सिकंदर के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने खुद सेट पर लेट आने की बात कही थी। उन्होंने कहा था, मैं सेट पर लेट आता था और जल्दी चला जाता था, सारी मेहनत डायरेक्टर ने की है। हालांकि इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में उन्होंने इस पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था, मेरे लेट आने और काम को सीरियसली न लेने की कई कहानियां हैं। मैंने 100 से ज्यादा फिल्में की हैं। अगर मैं लगातार देर से आता या जल्दी चला जाता तो क्या ऐसा मुमकिन हो पाता। आगे उन्होंने कहा था, लोग सुबह 6 बजे काम शुरू करते हैं, मैं 12 बजे करता हूं। मेरे पास कई तरह के काम होते हैं। मुझे साइन करने होते हैं, वर्कआउट करना होता है। लेकिन अगर एक बार में सेट पर आ गया, तो मैं अपनी वैनिटी में भी नहीं जाता। बता दें कि ये पहली बार नहीं है, जब किसी ने सलमान पर देरी से आने के आरोप लगाए हैं। इससे पहले फिल्म अंदाज अपना अपना के सेट पर समय पर न पहुंचने पर उनकी आमिर खान से भी गर्मागर्मी हो चुकी है। इसके अलावा एक्टर मुश्ताक खान और डैनी भी इसका जिक्र कर चुके हैं।