भोपाल में फर्जी कॉल सेंटर मामले के तार टीकमगढ़ से जुड़े मिले हैं। बुधवार को भोपाल के ऐशबाग थाने की पुलिस टीम टीकमगढ़ पहुंची। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड अफजल खान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। अफजल ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह कई सालों से भोपाल में कॉल सेंटर चला रहा था। वह टीकमगढ़ से भोपाल आया था। यहां पहले पार्टनरशिप में काम किया और फिर अलग कॉल सेंटर शुरू कर दिया। जांच में सामने आया कि अफजल के तीन बैंक खाते हैं। बाकी खाते कॉल सेंटर के कर्मचारियों के नाम पर खुलवाए गए थे। पुलिस ने 29 युवक-युवतियों की पहचान की है, जो इस कॉल सेंटर में काम करते थे। आरोपी से कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। उसका मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार अफजल के रिश्तेदार टीकमगढ़ में रहते हैं। वे भी इस घोटाले में शामिल हैं। इनमें एक क्रेशर संचालक भी है। पुलिस टीम ने कोतवाली पुलिस से कुछ स्थानीय लोगों की जानकारी मांगी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपी के परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।