रविवार शाम 5 बजे हुई बुजुर्ग की मौत, सोमवार तड़के 4 बजे दिया शव भैंसाखेड़ी स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान कार्ड से भुगतान नहीं होने पर बुजुर्ग महिला का शव 11 घंटे तक परिजनों को नहीं सौंपा गया। परिजनों का आरोप है कि बुधवारा निवासी नसीम बानो (65 ) का रविवार शाम करीब 5 बजे निधन हो गया था। लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने आयुष्मान कार्ड की प्रक्रिया पूरी होने तक शव देने से मना कर दिया। परिजनों ने बताया कि नसीम बानो दिमागी बुखार से पीड़ित थीं। पहले शाहजहांनाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं हुआ तो शनिवार रात भैंसाखेड़ी स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। रविवार शाम 5 बजे उनकी मौत हो गई। इसके बाद भी उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। जब परिजनों ने डॉक्टरों से पूछा तो बताया गया कि हालत गंभीर है, सीपीआर दिया जा रहा है। देर रात परिजनों ने दबाव बनाया तो बताया गया कि बुजुर्ग की मौत हो चुकी है, लेकिन डिस्चार्ज नहीं बनाया जा सकता। सुबह वरिष्ठ डॉक्टर आएंगे, तभी शव सौंपा जाएगा। परिजनों ने ड्यूटी डॉक्टर और स्टाफ से बार-बार गुहार लगाई। आखिरकार सोमवार तड़के करीब 4 बजे शव सौंपा गया। दबाव बनाया तो शव सौंपा मेरी सास का देहांत शाम को हो गया था। लेकिन आयुष्मान कार्ड की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण शव नहीं दिया गया। जब दबाव बनाया तो सुबह 4 बजे शव सौंपा गया। – फिरोज खान, परिजन