कुरई पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 20 बैल क्रूरता से भरे हुए थे। थाना प्रभारी कृपाल शाह तेकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुरई बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की। तस्करों ने ट्रक को डिवाइडर से चढ़ाकर फोरलेन के दूसरी तरफ ले जाने का प्रयास किया। वे गलत दिशा से भागने लगे। पुलिस ने दोनों तरफ जाम लगा दिया। तस्कर ट्रक को चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग गए। जब पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें 20 बूढ़े और कमजोर बैल मिले। इनके सींग और पैर रस्सियों से बंधे थे। इनमें से 18 बैल जीवित थे, जबकि 2 बैलों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने जीवित बैलों को गौशाला में भेज दिया है। महाराष्ट्र नंबर (एमएच 31 सीबी 7987) के ट्रक को जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों के खिलाफ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कृपाल शाह तेकाम के साथ सहायक उपनिरीक्षक दुर्जनलाल सल्लाम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।