ग्वालियर में दहेज प्रताड़ना और छेड़छाड़ के मामले में न्यायालय पहुंचे ससुर, जेठ और पति की जैसे ही जमानत खारिज हुई और जेल वारंट जारी किया गया, वे कोर्ट से भाग निकले। यह घटना 25 फरवरी को जिला एवं सत्र न्यायालय में हुई, लेकिन इस मामले में पुलिस ने रविवार को एफआईआर दर्ज की। घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालय में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन अब तक वे हाथ नहीं आए हैं। जिला एवं सत्र न्यायालय की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जेल वारंट जारी होते ही चकमा देकर फरार जिला न्यायालय में पदस्थ कर्मचारी कमल प्रकाश मानपुरिया ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई कि हजीरा थाना क्षेत्र में दर्ज छेड़छाड़ और दहेज प्रताड़ना के मामले में आरोपी नरेंद्र पुत्र सुरेश भदौरिया, सुरेश पुत्र रामरतन भदौरिया और कमलेश पुत्र सुरेश सिंह भदौरिया को कोर्ट में पेश किया गया था। 25 फरवरी को सुनवाई के दौरान जज ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी और जेल वारंट जारी किया। जैसे ही उन्हें जेल भेजने का आदेश हुआ, तीनों आरोपी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गए। जब पुलिस उन्हें लेने पहुंची, तब तक वे गायब हो चुके थे। पुलिस की तलाश जारी आरोपियों के फरार होते ही सुरक्षाकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन जब वे नहीं मिले तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रविवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके घर और अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। वे घर भी नहीं पहुंचे हैं, जिसके चलते पुलिस अब उनके अन्य ठिकानों पर खोजबीन कर रही है। ससुर ने की छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट हजीरा निवासी एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसके ससुर और जेठ ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो सास, पति और ससुर ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि उसे कई दिनों तक आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छह महीने पहले हजीरा थाना में सास-ससुर, जेठ और पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में विश्वविद्यालय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा, “न्यायालय से फरार हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया हैं। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” Post navigation सिंगरौली में हीमोग्लोबिन की कमी का बढ़ा खतरा:रेड क्रॉस और जन औषधि केंद्र के स्वास्थ्य मेले में 190 लोगों की जांच; मुफ्त दवाएं वितरित यूपी से चोरी कार अनूपपुर में मिली:पुलिस ने हाईवे-43 के किनारे आम के पेड़ के नीचे से जब्त किया