देवास में स्टेशन रोड स्थित एक होटल में मिले युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मृतक हितेश मोदी एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह गणेशपुरी बालगढ़ का रहने वाला था और विवाहित था। होटल में अक्सर ठहरने वाले हितेश का शव शुक्रवार को वहीं मिला था। ढाबे पर बदमाशों ने की मारपीट: परिजन
परिजन मुकेश मोदी के अनुसार, घटना से पहले हितेश इंदौर बायपास स्थित एक ढाबे पर अपने साथियों के साथ गया था। वहां कुछ बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसे अंदरूनी चोटें आईं। होटल पहुंचने के बाद वह रात को सो गया। सुबह जब वह 11 बजे तक नहीं उठा, तो होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि मृतक का पूरा शरीर काला पड़ गया था। उन्होंने मारपीट के सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।