Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari: बॉलीवुड एक्टर अक्षय ओबेरॉय करण जौहर की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं. वरुण धवन और जाह्नवी कपूर स्टारर इस अपकमिंग फिल्म में अक्षय ओबेरॉय चार गानों पर डांस करते नजर आएंगे. इससे पहले  अक्षय ‘फाइटर’ के गाने ‘शेर खुल गए’ में  ऋतिक रोशन के साथ डांस कर चुके हैं. उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा से डांस करना पसंद रहा है लेकिन यह पहली बार है जब मैं एक ही फिल्म में 4 गानों पर डांस करता नजर आऊंगा.”

 चार डांस नंबर्स को लेकर एक्साइटेड हैं अक्षय ओबेरॉय
वहीं अक्षय ने ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में अपने चार डांस नंबर्स को लेकर एक्साइटमेंट जाहिर करते हुए कहा, “‘शेर खुल गए’ में ऋतिक रोशन के साथ डांस करना एक शानदार अनुभव था. वरुण धवन, सान्या और जाह्नवी कपूर भी बेहतरीन डांसर हैं और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के साथ मुझे वास्तव में अपने इस पहलू को तलाशने का मौका मिला और यह मेरे लिए रोमांचक एहसास है.”

उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट की मांग थी कि फिल्म में कई एनर्जेटिक गाने हों. अक्षय ने आगे कहा, “मुझे कभी भी ऐसे रोल का हिस्सा बनने का मौका नहीं मिला. यह पहली बार है, जब मैं किसी फिल्म में इतना डांस करूंगा. मैं फिल्म और गाने को लेकर एक्साइटेड हूं. इन गानों की शूटिंग में मुझे बहुत मजा आया.”

करण जौहर संग काम करने को लेकर अक्षय ने क्या कहा? 
इससे पहले अक्षय ने बताया था कि ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में काम करना उनके करियर की एक बड़ी सफलता है.  अपने अभिनय सफर के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने बताया था, “धर्मा प्रोडक्शंस जैसे पावरहाउस का ध्यान आकर्षित करने में मुझे 14 साल लग गए और मेरे लिए, यह एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि है.”

उन्होंने कहा, “हमारी इंडस्ट्री में करण जौहर की फिल्में ना केवल अपनी कहानी कहने के लिए बल्कि दर्शकों पर पड़ने वाले प्रभाव के लिए भी जानी जाती हैं. धर्मा फिल्म का हिस्सा बनना एक विरासत में शामिल होने जैसा है. यह किसी भी अभिनेता के लिए एक सपना है क्योंकि इसके साथ बहुत अधिक एक्सपोजर, पहुंच और सम्मान आता है.”‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ को उन्होंने अपने करियर में एक नए चैप्टर की शुरुआत बताया और कहा कि आगे की जर्नी के लिए वह बेहद एक्साइटेड हैं. 

‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ स्टार कास्ट
बता दें कि ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है. फिल्म को करण जौहर, हीरू यश जौहर, अपूर्व मेहता और शशांक खेतान ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में अभिनेता वरुण धवन और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं, इस प्रोजेक्ट में अक्षय ओबेरॉय के साथ सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ, अभिनव शर्मा, मनीष पॉल और मानिनी चड्ढा भी अहम भूमिकाओं में हैं.