खंडवा में इंदौर हाईवे स्थित मोरटक्का में शुक्रवार सुबह एक राखड़ से भरा डंपर पलट गया। अमावस्या के दिन होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और धीरे-धीरे वाहनों को निकालने की व्यवस्था की। इस महीने में यह डंपर पलटने की दूसरी घटना है। मोरटक्का में इंदौर-खंडवा रोड पर रेलवे द्वारा ओवरब्रिज सहित ओंकारेश्वर रोड स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। ठेकेदार ने मुख्य सड़क को खोदकर एप्रोच रोड बनाने की बजाय सिर्फ मुरूम डाल दी है। मुरूम पर वाहनों के चलने से रास्ता उबड़-खाबड़ हो गया है, जिससे रोजाना बाइक सवार गिरते हैं। पिछले महीने इसी स्थान पर दो भाई बाइक से गिरकर काल के गाल में समा गए थे। पिछली घटना का मटेरियल तक नहीं समेटा गया इंदौर से खंडवा-बुरहानपुर जाने का यह एकमात्र मार्ग है, जिसे रेलवे ठेकेदार ने खोद दिया है। लोग इस कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्ते को मजबूरी में पार कर रहे हैं। वाहन चालकों को धूल का सामना करना पड़ रहा है। इसी महीने पहले पलटे डंपर की राखड़ आज तक मौके पर पड़ी है, जिसे नहीं हटाया गया। विशेषकर ओंकारेश्वर जाने वाले तीर्थयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम में गिरा बाइक सवार, चपेट में आने से बचा जाम के दौरान एक बाइक सवार गिर गया। मौके पर राखड़ का ढ़ेर होने से उसकी बाइक फिसल गई। युवक के बाइक से गिरते ही पीछे से ट्रक और आगे से बस आ गई। गनीमत रही कि जाम में फंसे ट्रक और बस धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे, वरना बाइक सवार युवक चपेट में आ सकता था। स्थानीय रहवासियों ने कहा कि डंपर वाहनों को उठा लिया जाता हैं, लेकिन सड़क पर गिरे मटेरियल को नहीं समेटा जाता। इस वजह से भी हादसे होते हैं। समस्या को लेकर पूर्व में विरोध भी दर्ज कराया जा चुका है। लेकिन रेलवे ठेकेदार उसकी मनमानी चला रहा हैं। इस हिस्से का डामरीकरण किया जाना चाहिए।