रीमेक सॉन्ग कांटा लगा गाने से मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 जून की रात उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई। अब इस मामले में मुंबई पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। शेफाली जरीवाला के घर पर फॉरेंसिक टीम पहुंच चुकी है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। वहीं, अंबोली पुलिस स्टेशन में घर की मेड और कुक से पूछताछ की गई है। परिजन के भी बयान लिए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, शेफाली को बेहोशी की हालत में उनके पति और एक्टर पराग त्यागी, के साथ तीन अन्य लोग शुक्रवार रात मुंबई के अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने पुष्टि की है कि शेफाली जरीवाला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है। संगीतकार हरमीत सिंह से की थी पहली शादी बता दें, शेफाली जरीवाला ने 2004 में मीत ब्रदर्स के संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी। 2009 में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद 2015 में एक्टर पराग त्यागी से शादी कर ली थी। 15 साल की उम्र में पड़ा था मिर्गी का दौरा टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि उन्हें 15 साल की उम्र मिर्गी का दौरा पड़ा था। तनाव और चिंता की स्थिति में उन्हें दौरे आते थे। हालांकि, बाद में उन्होंने योग और रोजाना एक्सरसाइज करना शुरू किया, जिससे उनकी तबीयत बेहतर होने लगी और मिर्गी के दौरे आना बंद हो गए। म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी शुरुआत शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत 19 साल की उम्र में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इस गाने में उनका बोल्ड अंदाज और डांसिंग स्टाइल ने लोगों को ध्यान खींचा था। इसके बाद उन्होंने कुछ और म्यूजिक एल्बम्स और फिल्मों में काम किया। साल 2004 में वह सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी नजर आई थीं। इसके अलावा उन्हें कन्नड़ फिल्म हुडुगारू में भी देखा गया था। शेफाली ने कई डांस रियलिटी शोज में हिस्सा लिया। वहीं, नच बलिए में वह अपने पति पराग त्यागी के साथ नजर आई थीं। ‘बिग बॉस 13’ में ली थी वाइल्ड कार्ड एंट्री शेफाली जरीवाला ने 2019 में बिग बॉस 13 में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी, जहां उन्हें अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ शुक्ला के साथ अच्छा बॉन्ड शेयर करते देखा गया था। बता दें, सिद्धार्थ शुक्ला का भी निधन 2021 में कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ था। ये टीवी सेलेब्स कम उम्र में दुनिया छोड़ गए प्रत्यूषा बनर्जी प्रत्यूषा बनर्जी एक्टिंग करियर की शुरुआत करने के लिए वो जमशेदपुर से मुंबई आई थीं। उनका पहला टीवी शो स्टार प्लस पर ये रिश्ता क्या कहलाता है था, लेकिन कलर्स टीवी पर टीवी शो बालिका वधू से वो घर-घर में पॉपुलर हो गई थीं। उनका ये करियर ज्यादा नहीं चला और प्रत्यूषा 1 अप्रैल 2016 को अपने मुंबई अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सांस का रुक जाना बताया गया था। हालांकि उनके माता-पिता ने प्रत्यूषा के बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप लगाया था। महज 24 साल की उम्र में ही प्रत्यूषा ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। समीर शर्मा समीर शर्मा ने स्टार वन के सीरियल दिल क्या चाहता है से अपनी शुरुआत की थी। वो ये रिश्ते हैं प्यार के सीरियल से घर-घर में पॉपुलर हो गए थे। वो दिल्ली से थे और एक्टिंग में करियर बनाने के लिए मुंबई आ गए थे। उन्होंने इतने सारे टीवी सीरियल में काम किया। 5 अगस्त 2020 को समीर का शव उनके मलाड स्थित घर पर एक लटका हुआ मिला था। पुलिस ने शरीर की हालत को देखते हुए दो दिन पहले फांसी लगाकर उसकी मौत होने की आशंका जताई थी। दिव्या भटनागर टीवी एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का जन्म दिल्ली में हुआ था और वो एक्ट्रेस बनने के लिए मुंबई आई थीं। ये रिश्ता क्या कहलाता है, उड़ान और तेरा यार हूं मैं जैसे कई टीवी सीरियल्स में नजर आने वाली दिव्या ने अपनी अलग पहचान बनाई थी, लेकिन उनका करियर ज्यादा दिनों तक नहीं चला। 7 दिसंबर 2020 को 34 साल की उम्र में कोविड-19 के कारण उनका निधन हो गया था। आशीष रॉय आशीष रॉय एक बेहतरीन एक्टर थे उन्होंने 1997 में डीडी नेशनल पर दिखाए जाने वाले शो ब्योमकेश बख्शी से एक्टर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। वो एक वॉइस आर्टिस्ट भी थे, जिन्होंने द डार्क नाइट, गार्डियंस ऑफ गैलेक्सी, सुपरमैन रिटर्न्स जैसी कई सुपरहिट हॉलीवुड फिल्मों में अपनी आवाज दी थी। वो कई फिल्मों में भी नजर आए थे। उनकी पहली फिल्म 2004 में “नेताजी सुभाष चंद्र बोस: द फॉरगॉटन आर्मी थी, लेकिन उनका ये सफर ज्यादा नहीं चला। 24 नवंबर 2020 को किडनी फेल होने के कारण आशीष रॉय की मौत हो गई थी। आशीष ने महज 55 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। Post navigation जावेद अख्तर बोले- पाकिस्तान में लोकतंत्र दिखावा, असली शासक सेना:अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रम्प भी यह बात जानते हैं, इसलिए सेना प्रमुख को मिलने बुलाया अभिषेक बच्चन ने सिखाई स्क्रिप्ट रीडिंग की बारीकियां:कालीधर लापता’ फिल्म का बाल कलाकार दैविक बोला- 700 बच्चों में से मुझे चुना गया