शाजापुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम 5 बजे करीब एसडीएम मनीषा वास्कले को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं को सरकार की ओर से दिए गए 2जी और 3जी लावा मोबाइल में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें रोजाना कई महत्वपूर्ण कार्य मोबाइल से करने होते हैं। इनमें आंगनवाड़ी केंद्र की जानकारी अपडेट करना, बच्चों की फोटो लेना और उनकी उपस्थिति दर्ज करना शामिल है। साथ ही 0-6 साल के बच्चों का वजन और लंबाई रिकॉर्ड करना, पोषण आहार वितरण की जानकारी अपलोड करना और महिलाओं और बच्चों का ईकेवायसी करना भी जरूरी है। मौजूदा मोबाइल में ओटीपी नहीं आने और फोटो कैप्चर न होने जैसी समस्याएं आ रही हैं। गर्भवती और धात्री महिलाएं केंद्र तक नहीं आ पातीं। ऐसे में टीएचआर वितरण की पुष्टि करना मुश्किल हो रहा है। कई हितग्राही महिलाओं के पास मोबाइल न होने से पोषण आहार वितरण का रिकॉर्ड रखना भी चुनौतीपूर्ण है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि 5जी वाईफाई मोबाइल मिलने से ये समस्याएं दूर हो सकती हैं। इस मौके पर कामिनी सिंह, चंदन सोनी, नर्मदा शर्मा, आशा गुर्जर, अशोक मीणा समेत बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।