नरसिंहपुर में गन्ना किसानों को तीन महीने से भुगतान नहीं मिला है। महाकौशल शुगर मिल बचई और चतुर्भुज ट्रेनिंग कंपनी (पूर्व में आर.आर. एग्रो) पर किसानों का करीब 1.40 करोड़ रुपए बकाया है। महाकौशल शुगर मिल को नियमों के अनुसार 14 दिन में भुगतान करना था। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी 25 प्रतिशत भुगतान नहीं किया गया है। चतुर्भुज ट्रेनिंग कंपनी ने किसानों से नगद में गन्ना खरीदा था। उनका भी भुगतान अटका हुआ है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विमलेश कुमार लोधी के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिया। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसान यूनियन ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। यूनियन का कहना है कि अगर इस दौरान पूरा भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।