खरगोन जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर नर्मदा नदी में स्नान करते समय दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। दोनों ही नाबालिग बड़वानी जिले के रहने वाले थे। घटना खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र के कठोरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बड़वानी जिले के जरवाह गांव शिवरात्रि के मौके पर 11 युवाओं की टोली गांव के शिव मंदिर में दर्शन पूजन के बाद नर्मदा स्नान के लिए पहुंची थी। स्नान घाट से साफ पानी की तलाश में तीन किशोर लगभग 100 मीटर दूर चले गए, जहां नहाते समय तीनों गहरे पानी में डूब गए। एक की मौके पर मौत, दूसरे अस्पताल में दम तोड़ा मृतकों की पहचान गौरव पिता मुकेश सौलकी (17) और सावन पिता राजेंद्र राठौर (17) के रूप में हुई है। दोनों जरवाह गांव, जिला बड़वानी के निवासी थे। गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सावन ने ठीकरी जिला बड़वानी के अस्पताल में दम तोड़ा। एसडीआरएफ टीम ने एक की जान बचाई बलकवाडा थाना प्रभारी रितेश यादव के अनुसार, तीनों किशोर इस क्षेत्र से अपरिचित थे। डूबते युवकों की आवाज सुनकर लोगों ने गोताखोरों को बुलाया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम ने एक को तत्काल पानी में से निकाल दिया गया। खोजबीन के 10 मिनट बाद अन्य दो युवकों को निकाला गया। हालांकि, तीनों में से एक की ही जान बच पाई।