75वें-बर्थडे-पर-जमकर-थिरकीं-शबाना-आजमी:पति-जावेद-अख्तर-संग-प्रिटी-लिटिल-बेबी-पर-किया-डांस,-सेलिब्रेशन-में-उमड़ा-बॉलीवुड

वेटरन एक्ट्रेस शबाना आजमी 18 सितंबर को 75 साल की हो गईं। इस मौके पर एक ग्रैंड बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड के कई नामी चेहरों ने शिरकत की। इस वक्त सोशल मीडिया पर सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें और वीडियो छाए हुए हैं। एक्ट्रेस ने अपना 75वां बर्थडे डांस और गानों के बीच सेलिब्रेट किया है। इन वीडियो में एक्ट्रेस दिल खोलकर नाचते दिख रही हैं। पार्टी में शबाना कभी सौतेले बेटे फरहान अख्तर के साथ उनकी फिल्म ‘जिंदगी मिलेगी ना दोबारा’ के गाने पर डांस करते नजर आ रही हैं, तो कभी पति जावेद अख्तर के साथ सालसा कर रहीं। एक और वीडियो में वो रेखा, माधुरी दीक्षित, विद्या बालन और उर्मिला मातोंडकर के साथ ‘परिणीता’ फिल्म के गाने ‘कैसी पहेली’ पर भी थिरकते दिखीं। हालांकि, माहौल तब और स्पेशल हो गया, जब शबाना अपने गीतकार पति जावेद अख्तर के साथ डांस फ्लोर पर आईं। दोनों मैचिंग रंग के कपड़ों में नजर आए। शबाना और जावेद अख्तर अमेरिकी सिंगर कोनी फ्रांसिस के टाइमलेस क्लासिक गाने प्रिटी लिटिल बेबी पर डांस करते दिखे। दोनों के इस रोमांटिक ने डांस वहां मौजूद सभी सितारों का दिल जीत लिया। वहां मौजूद सभी लोगों ने इस पल को अपने कैमरे में कैद भी किया। जावेद अख्तर के साथ शबाना के डांस को फैंस को खूब पसंद कर रहे हैं। इस बर्थडे सेलिब्रेशन में फराह खान, फरहान अख्तर, मनीष मल्होत्रा, करण जौहर, विद्या बालन, माधुरी दीक्षित, रेखा, सोनू निगम, महीप कपूर और उर्मिला मातोंडकर जैसे कई नाम शामिल थे।