करनाल का गूगल बॉय कहलाने वाला कौटिल्य पंडित अब इंग्लैंड की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करेगा। वहां वह एआई फॉर ह्यूमिनिटी, डार्क मैटर, प्लाज्मा फिजिक्स और ब्रह्मांड विज्ञान यानी कॉस्मोलॉजी पर रिसर्च करेगा। इस बड़ी उपलब्धि से पहले करनाल के घरौंडा में उनके आशीर्वाद अलंकरण समारोह का आयोजन हुआ। इस समारोह में बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा विशेष रूप से पहुंचे। इसके अलावा राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े बड़े-बड़े नेता और प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर कौटिल्य को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बॉलीवुड एक्टर बोले- हमारा बच्चा आज देश का नाम रोशन कर रहा घरौंडा में आयोजित समारोह में पहुंचे बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा ने कहा कि जब उन्होंने सुना कि कौटिल्य ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने जा रहा है, तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कुछ नहीं थी। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगा जैसे मेरा अपना बच्चा ऑक्सफोर्ड में पढ़ने जा रहा है। इतनी खुशी हुई कि मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता – शर्मा उन्होंने कहा कि जैसे ही पता चला कि 14 सितंबर को कौटिल्य का आशीर्वाद समारोह है, तो मैंने तय किया कि मुझे आशीर्वाद देने जरूर जाना है। आज यह बच्चा सिर्फ हरियाणा का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर रहा है और हमें विश्वास है कि यह ऑक्सफोर्ड से भी आगे जाएगा। समारोह में जुटे राजनीतिक और सामाजिक नेता आशीर्वाद अलंकरण समारोह में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र राठौर, क्रांतिकारी नेता नवीन जयहिंद, हरियाणा शिक्षा मंत्री के प्रतिनिधि सहित राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी के साथ साथ शिक्षाविद मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि कौटिल्य ने जिस तरह बचपन से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, उसी तरह वह आने वाले समय में भी देश का गौरव बढ़ाएगा। सूरत से आई मोटिवेशनल स्पीकर ने किया खास तोहफा भेंट समारोह में सूरत, गुजरात से आईं इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर भाविका महेश्वरी ने कौटिल्य को उनकी बचपन की तस्वीरों वाला एक खास चार्ट भेंट किया। इस चार्ट में कौटिल्य की कई यादगार तस्वीरें थीं। इनमें वह अमिताभ बच्चन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और देश के अन्य पूर्व राष्ट्रपति के साथ नजर आ रहा था। यह पल कौटिल्य और उनके परिवार के लिए बेहद खास रहा। पिता बोले- सिर्फ 17 साल की उम्र में मिलेगा नया मुकाम कौटिल्य के पिता सतीश शर्मा ने बताया कि कौटिल्य मात्र 17 साल की उम्र में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई शुरू करने जा रहा है। यहां वह कॉस्मोलॉजी, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी, प्लाज्मा फिजिक्स और एआई फॉर ह्यूमेनिटी जैसे विषयों पर रिसर्च करेगा। उन्होंने कहा कि वहां जाकर उसके लिए नए रास्ते और टारगेट खुलेंगे। बचपन से ही दिखी प्रतिभा, गूगल बॉय नाम से हुई पहचान कौटिल्य ने महज 5 साल की उम्र में मानचित्र की किताब याद कर ली थी। इसके बाद उसने दुनिया के देशों की कैपिटल, करेंसी, जनसंख्या और भौगोलिक जानकारी बता दी। उसकी प्रतिभा को देखते हुए उसे नेशनल ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल मंचों पर भी बुलाया गया। इसी वजह से उसे गूगल बॉय कहा जाने लगा। इतना ही नहीं, वह लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक भी पहुंचा। अब वही बच्चा इंग्लैंड की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करेगा और रिसर्च करेगा। ऑक्सफोर्ड से ऑफर और स्कॉलरशिप भी मिली कौटिल्य को ऑक्सफोर्ड के बॉलियोल कॉलेज से अगस्त में ही ऑफर लेटर मिला था। अक्टूबर से उसकी पढ़ाई की शुरुआत होगी। इसके साथ ही उसे 25 लाख रुपए की स्कॉलरशिप भी मिली है। उन्होंने बीवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मतलौडा से 12वीं पास की है। पिता सतीश शर्मा ने कहा कि हमने हमेशा बच्चों की रुचि के विषयों में उनका साथ दिया। कौटिल्य की दो बहनें भी हैं। मृदुल एमएससी कर रही हैं, जबकि दीक्षा विदेश में स्कॉलरशिप पर एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। दादा बने प्रेरणा का स्रोत कौटिल्य का जन्म 2007 में कोहंड गांव में हुआ। वह करीब 4-5 साल का था, जब उसने स्कूल में शिक्षक से मिली एटलस की किताब को कुछ ही समय में याद कर लिया। उसके दादा जयकिशन शर्मा ने उसकी इस प्रतिभा को पहचान लिया। कौटिल्य आज भी अपने दादा को ही सच्चा दोस्त और गुरु मानता है। ऑक्सफोर्ड में करेंगे क्वांटम फिजिक्स – कौटिल्य कौटिल्य ने बातचीत में कहा कि अब तक उन्हें हर कदम पर सभी का प्यार और आशीर्वाद मिला है। आशीर्वाद समारोह भी उसी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इंसान के निर्माण में सबका प्रयास और सही समय पर प्रेरणा, डांट और चिंता अहम भूमिका निभाते हैं। कौटिल्य ने कहा कि ऑक्सफोर्ड जाकर वह क्वांटम फिजिक्स और रिसर्च पर फोकस करेंगे। उनका लक्ष्य है कि फिजिक्स में कुछ ऐसा काम हो, जिसका अर्थपूर्ण प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़े और बेहतर बदलाव लाए। हर बच्चा कर सकता है बड़ा काम – कौटिल्य कौटिल्य ने कहा कि हर बच्चा अच्छा होता है और उनमें हर काम करने की क्षमता होती है। बच्चों को सिर्फ पूरी कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज मुझे जो प्रेरणा और आशीर्वाद मिला है, वही मुझे आगे बढ़ने की ताकत देता रहेगा। समारोह में मौजूद इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर भाविका महेश्वरी और केबीसी की हॉट सीट तक पहुंची प्रियंका ने भी कौटिल्य को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही कौटिल्य बहुत ज्यादा इंटेलिजेंट है और अब ऑक्सफोर्ड में भी वह नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। Post navigation 72 घंटे…घर से बाहर नहीं निकली दिशा पाटनी की बहन:पुलिस ने 2000 कैमरे देखे, लोकल बदमाशों से पूछताछ; दहशत में पूरा परिवार बिग बॉस 19 में अभिषेक-शहबाज के बीच हुई हाथापाई:नियम तोड़ने पर पूरे सीजन के लिए नॉमिनेट हुए, अमाल मलिक और कुनिका की भी हुई जमकर बहस